मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पद के लिए रविवार को परीक्षा आयोजित की जा रही है। इंदौर शहर में बनाए गए 44 परीक्षा केंद्रों पर प्रदेशभर से 17 हजार से अधिक परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक एक ही सत्र में संपन्न होगी।
इस परीक्षा के लिए संभागायुक्त डॉ. सुदमा खाड़े को MPPSC द्वारा परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

परीक्षार्थियों को दी जाएगी ये सुविधाएं
परीक्षार्थी अपने साथ ई-प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, गोले बनाने के लिए निर्धारित स्याही का पेन और पारदर्शी पानी की बोतल ला सकेंगे।
दिव्यांगजन अभ्यर्थियों को सहलेखन (स्क्राइब) की सुविधा के साथ एक घंटे का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।
सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए मेडिकल टीम और डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। वहीं नगर निगम द्वारा प्रत्येक केंद्र पर पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
प्रवेश को लेकर जरूरी निर्देश
- परीक्षार्थियों को सुबह 11:15 बजे से प्रवेश दिया जाएगा।
- 11:45 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
- परीक्षार्थी को वही प्रश्नपत्र सेट प्रदान किया जाएगा जो उसके लिए निर्धारित है।
- परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षकों को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा केंद्रों पर प्रतिबंधित वस्तुएं
परीक्षा केंद्रों पर निम्न वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी—
स्टेशनरी सामग्री:
पेंसिल, रबर (इरेजर), व्हाइटनर, स्केल, बैग, शार्पनर, ब्लेड।
इलेक्ट्रॉनिक/आईटी गैजेट्स:
मोबाइल फोन, पेनड्राइव, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, हैंडफ्री, डिजिटल/स्मार्ट/एनालॉग घड़ी, कोई भी संचार उपकरण।
एक्सेसरीज:
बालों के क्लचर या बक्कल, हाथ के बैंड, मेटैलिक या चमड़े के बैंड, बेल्ट, कफलिंग, धूप का चश्मा, पर्स, वॉलेट, टोपी।
अन्य वस्तुएं:
चाबी, लाइटर, माचिस, किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र।
इसके अलावा परीक्षार्थियों को जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश निषिद्ध रहेगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।