अटल जी सिर्फ नेता नहीं, राष्ट्रऋषि थे — मालथौन में अटल स्मृति पर्व पर भूपेन्द्र सिंह का प्रेरक उद्बोधन !

Spread the love

भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेई केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि राजऋषि भी थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र, समाज और गरीब कल्याण को समर्पित कर दिया। यह विचार पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने मालथौन में आयोजित “अटल स्मृति पर्व” एवं खुरई विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। यह आयोजन अटल जी के जन्मशताब्दी वर्ष के समापन दिवस एवं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया।

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने इस अवसर पर महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि मालथौन में नवनिर्मित मार्केट का नाम भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर रखा जाएगा तथा मार्केट परिसर में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से अटल जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने अपने संकल्प के अनुरूप पुष्प माला या बुके से स्वागत न कराते हुए कंबल, स्वेटर, साड़ियां एवं बच्चों की शिक्षण सामग्री से स्वागत कराया और यह सामग्री कार्यक्रम स्थल पर ही गरीब जरूरतमंदों व स्कूली बच्चों में वितरित कर दी।

महाराणा प्रताप बस स्टैंड प्रांगण में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि अटल जी ऐसे राजनेता थे, जो हमेशा समाज और जनता के कल्याण की सोच रखते थे। उन्होंने कहा कि योग्य और ईमानदार व्यक्ति यदि राजनीति में आगे आएं, तो समाज और देश का भविष्य बदल सकता है। अटल जी ने इसका उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने पंचायत से लेकर संसद तक अच्छे और योग्य लोगों को चुनने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अटल जी मानते थे कि जब तक गांवों का विकास नहीं होगा, तब तक देश आगे नहीं बढ़ सकता। इसी सोच के साथ उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की, जिससे गांव-गांव तक पक्की सड़कों का जाल बिछा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। मालथौन से गुजरने वाली स्वर्णिम चतुर्भुज फोरलेन सड़क, जो कश्मीर से कन्याकुमारी को जोड़ती है, अटल जी की दूरदर्शिता का परिणाम है, जिससे पूरे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में बदलाव आया।

भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि अटल जी ने किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना और नदी जोड़ो अभियान की शुरुआत की। बुंदेलखंड की केन–बेतवा परियोजना इसका प्रमुख उदाहरण है, जिससे पूरे क्षेत्र को लाभ मिलेगा। उन्होंने परमाणु परीक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय दबावों की परवाह किए बिना अटल जी ने देश की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा और भारत को वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित किया।

उन्होंने अटल जी की नैतिक राजनीति को याद करते हुए कहा कि संसद में एक वोट से सरकार गिरने पर भी अटल जी ने बेईमानी से बनी सरकार स्वीकार नहीं की और स्वयं इस्तीफा दिया। बाद में जनता ने उन्हें भारी बहुमत से फिर प्रधानमंत्री बनाया।

कार्यक्रम में उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार की भी सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सेवा, सुशासन और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 8 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री के खुरई आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत की अपील की।

कार्यकर्ता सम्मेलन का संचालन आकाश जैन सीपुर ने किया। मंच पर क्षेत्र के सभी भाजपा मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *