सागर | 25 दिसंबर 2025
युवा शक्ति संगठन का प्रथम अधिवेशन सागर में हजारों युवाओं की गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन राष्ट्र सेवा, समाज निर्माण और युवा सशक्तिकरण की भावना को समर्पित रहा, जिसमें युवाओं ने संगठित होकर देश के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा शक्ति संगठन के संस्थापक आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि युवा शक्ति संगठन राजनीति के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा के उद्देश्य से गठित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और इतिहास इस बात का साक्षी है कि जब-जब राष्ट्र को नई दिशा मिली है, उसमें युवाओं की अहम भूमिका रही है। संगठन व्यक्ति निर्माण से शुरुआत कर राष्ट्र निर्माण तक कार्य करेगा।
उन्होंने बताया कि संगठन सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, धर्म एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता, आपदा सेवा, रक्तदान, रोजगार सृजन, नवकरणीय ऊर्जा, स्वदेशी वस्तुओं का प्रचार-प्रसार, शिक्षा से लोगों को जोड़ने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने जैसे अनेक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएगा। यह प्रथम अधिवेशन उस महाकार्य का शुभारंभ है, जो निरंतर राष्ट्र को समर्पित रहेगा।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति वाय.एस. ठाकुर ने कहा कि जिस प्रकार डॉ. हरिसिंह गौर ने विदेशों से शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपनी जन्मभूमि सागर लौटकर विश्वविद्यालय की स्थापना की, उसी प्रकार आकाश सिंह राजपूत भी उच्च शिक्षा के बाद अपनी मातृभूमि के युवाओं के लिए संगठन खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने आकाश सिंह राजपूत को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्हें रीयल हीरो कहा।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि देश हमें सब कुछ देता है और हमारा भी नैतिक कर्तव्य है कि हम राष्ट्र को कुछ लौटाएं। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के लिए किए गए कार्यों का लाभ भले ही तुरंत न मिले, लेकिन आने वाली पीढ़ियां उनसे अवश्य लाभान्वित होंगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति चौहान ने युवाओं को संगठित होकर लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। जैविक कृषि विशेषज्ञ आकाश चौरसिया ने युवाओं से जैविक एवं मल्टी लेयर कृषि को अपनाने का आह्वान किया। रोटरी क्लब के मुकेश साहू ने युवा शक्ति संगठन के साथ मिलकर सेवा कार्य और रक्तदान अभियानों में सहयोग का भरोसा दिलाया। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुखदेव मिश्रा ने संगठन को जनहित में नए कीर्तिमान स्थापित करने की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शक्ति का सृजन संघर्ष के लिए नहीं, बल्कि महान भारत के निर्माण के लिए होना चाहिए और युवा शक्ति संगठन इसी दिशा में कार्य कर रहा है।
अधिवेशन के दौरान बुंदेली लोकगायिका शुभांशिता ठाकुर एवं सुनील लोधी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। ऊर्जावान वक्तव्यों और लोकगीतों के बीच युवा शक्ति संगठन का प्रथम अधिवेशन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा जिले एवं जिले के बाहर से आए हजारों युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237