इंदौर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाए रखने महापौर की नई पहल !

Spread the love

हेमंत शर्मा | इंदौर।
मध्य प्रदेश की स्वच्छता राजधानी इंदौर में सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नगर निगम के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने एक नई और अनोखी पहल की शुरुआत की है। महापौर ने ऐलान किया है कि अब वे हर रविवार शहर के एक-एक जोन में जाकर सफाई मित्रों से सीधे संवाद करेंगे और उनके साथ चाय-पोहा पर बैठकर जमीनी समस्याओं, सुझावों और स्वच्छता से जुड़े अनुभवों को साझा करेंगे।

इस पहल की शुरुआत रविवार को जोन क्रमांक 15 से की गई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव फूटी कोठी ब्रिज के पास पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र के सफाई मित्रों के साथ अनौपचारिक माहौल में चाय-पोहा करते हुए बातचीत की। इस दौरान स्वच्छता व्यवस्था, रोजमर्रा की दिक्कतें, संसाधनों की जरूरत और बेहतर कार्यप्रणाली को लेकर खुलकर चर्चा हुई।

स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर दिया संदेश

महापौर ने सफाई मित्रों से कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण एक बार फिर सामने है और इस बार भी इंदौर को देशभर में शीर्ष स्थान पर बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर पूरी ताकत से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि इंदौर की पहचान स्वच्छता से जुड़ी है और इसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

महिला सफाई मित्रों ने लिया संकल्प

संवाद के दौरान महिला सफाई मित्रों ने एक स्वर में कहा कि वे पूरी तरह तैयार हैं और इंदौर को स्वच्छता में देश का सिरमौर बनाए रखने का संकल्प लेती हैं। सफाई मित्रों ने भरोसा दिलाया कि वे पहले की तरह पूरी निष्ठा, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने दायित्व निभाएंगे।

सफाई मित्र सबसे मजबूत कड़ी

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि सफाई मित्र इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उनकी मेहनत, जिम्मेदारी और समर्पण के कारण ही इंदौर लगातार देश में स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बना हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संवाद सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि सफाई मित्रों की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का माध्यम होगा।

अनुभव साझा करने की अपील

महापौर ने सफाई मित्रों से अपने अनुभव साझा करने की अपील करते हुए कहा कि जमीनी स्तर से मिलने वाले सुझाव शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सफाई मित्रों की समस्याओं और जरूरतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

हर रविवार जोन-दर-जोन संवाद

महापौर ने ऐलान किया कि यह पहल अब नियमित रूप से चलेगी। वे हर रविवार शहर के अलग-अलग जोन में पहुंचकर सफाई मित्रों से संवाद करेंगे और उनके साथ पोहा पार्टी करेंगे, ताकि बिना किसी औपचारिक दबाव के वे अपनी बात खुलकर रख सकें।

इस अवसर पर महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, संबंधित जोनल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई और बड़ी संख्या में सफाई मित्र मौजूद रहे। सभी ने स्वच्छ इंदौर के संकल्प को दोहराया और सफाई मित्रों का उत्साह बढ़ाया।

इस नई पहल को सफाई मित्रों के बीच काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और माना जा रहा है कि इससे स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर की मजबूत स्थिति और सुदृढ़ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *