गाय बचाने के प्रयास में कार पलटी, एक की मौत !

Spread the love

सागर।
सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र अंतर्गत मढ़ी–जमुनिया–बहेरिया रोड पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो कारों की टक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे कार में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

गाय बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हरिओम पिता जोरावल दांगी (उम्र 25 वर्ष) निवासी बहेरिया के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह हरिओम अपनी कार से बहेरिया से गौरझामर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मढ़ी गांव के पास अचानक सड़क पर एक गाय आ गई।

गाय को बचाने के प्रयास में हरिओम की कार अनियंत्रित हो गई। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी कार ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कार पलटी, मौके पर ही मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिओम की कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के समय आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और तुरंत गांव वालों तथा पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही गौरझामर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव का पंचनामा बनाया और शव को देवरी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारूकी ने बताया कि मढ़ी-जमुनिया रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दूसरी कार की भूमिका और वाहन चालकों की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।

गांव में मातम का माहौल

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव बहेरिया में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हरिओम घर के जिम्मेदार सदस्य थे।

सड़क पर आवारा मवेशी बना कारण

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर आवारा मवेशियों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के इंतजाम और मवेशियों की रोकथाम की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *