मढ़ी-जमुनिया रोड पर दो कारों की टक्कर, एक युवक की मौत !

Spread the love

सागर।
गौरझामर थाना क्षेत्र के मढ़ी–जमुनिया–बहेरिया रोड पर शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दो कारों की आमने-सामने की टक्कर के बाद एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिओम दांगी पिता जोरावल दांगी (उम्र 25 वर्ष), निवासी बहेरिया, शुक्रवार सुबह अपनी कार से गौरझामर की ओर जा रहे थे। मढ़ी गांव के पास अचानक सड़क पर गाय आ जाने से कार चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में हरिओम दांगी को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और गांव वालों के साथ पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर गौरझामर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया और मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए देवरी अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारूकी ने बताया कि मढ़ी-जमुनिया रोड पर दो कारों की टक्कर से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पीछे से टक्कर मारने वाली कार की गति और लापरवाही किस हद तक हादसे का कारण बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *