छतरपुर के हमा गांव में संत रविदास महाराज की मूर्ति तोड़ी गई, फैला आक्रोश !

Spread the love

छतरपुर। छतरपुर जिले के ग्राम हमा में संत शिरोमणि रविदास महाराज की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आई है। यह घटना शनिवार को सामने आने के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि संत रविदास महाराज समाज में समानता, समरसता और भाईचारे का संदेश देने वाले महान संत थे। उनकी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना न केवल धार्मिक आस्था पर चोट है, बल्कि गांव के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का प्रयास भी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में है।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने खंडित मूर्ति को अपने कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रखवाया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रविवार को घटना के विरोध में ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग सिटी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस तरह की घटनाएं समाज में तनाव फैलाने का काम करती हैं और इन्हें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

इस दौरान भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष संतोष रैदास ने आरोप लगाया कि मूर्ति तोड़ने की घटना में गांव के ही एक व्यक्ति जीतेंद्र यादव का हाथ है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। संतोष रैदास ने कहा कि आरोपी ने घटना से एक रात पहले गांव में गाली-गलौज की थी और समाज के लोगों को धमकाया था, जिसके बाद उसने मंदिर में स्थापित संत रविदास महाराज की मूर्ति को तोड़कर फेंक दिया।

वहीं, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि ग्राम हमा में संत रविदास महाराज की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने की घटना पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। ग्रामीणों द्वारा जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके आधार पर विधि अनुसार जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस गांव में नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *