मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत डिजिटल तकनीक के माध्यम से कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में सागर जिले के रहली क्षेत्र अंतर्गत कजरई एवं कजरई सोसायटी क्षेत्र में एचएलओ ऐप के माध्यम से मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य समय से पूर्व सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। यह कार्य कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल के निर्देशन में संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र की प्रगणक कृतिका पाण्डेय द्वारा एचएलओ ऐप का उपयोग करते हुए घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया गया और निर्धारित समय सीमा से पहले सभी आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज कर ली गईं। इस अभियान के तहत कुल 123 जनगणना मकानों की प्रविष्टि दर्ज की गई, जिनमें 11 गैर-आवासीय मकान तथा 123 सामान्य परिवार शामिल हैं। विशेष बात यह रही कि सर्वेक्षण के दौरान कोई भी संस्थागत परिवार, अपूर्ण, पूर्ण, लॉक अथवा हटाए गए प्रकरण दर्ज नहीं हुए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में सर्वेक्षण व्यवस्थित और सटीक तरीके से संपन्न किया गया।
जनगणना कार्य के अंतर्गत एचएलबी-228 कजरई क्षेत्र में कुल 129 भवन जनगणना मकानों की एंट्री एचएलओ ऐप पर स्व-गणना आईडी तैयार कर पूर्ण की गई। इसके साथ ही सभी मकानों पर नंबरिंग का कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार मकानों की नंबरिंग होने से डेटा की पहचान और ट्रैकिंग प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं मजबूत बनी है, जिससे भविष्य में जनगणना संबंधी कार्यों में आसानी होगी।
इस कार्य की सफलता के पीछे डिजिटल प्रशिक्षण और पूर्व तैयारी को मुख्य कारण माना जा रहा है। बताया गया कि प्रगणक श्रीमती कृतिका पाण्डेय ने पहले ही एचएलओ ऐप डाउनलोड कर उसका प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया था। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने नियमित रूप से क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया था। इसी कारण 123 परिवारों की स्व-गणना आईडी पहले से तैयार हो गई थी और 1 मई तक पूरा कार्य समय से पहले समाप्त कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से किए जा रहे इस सर्वेक्षण से न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि डेटा संग्रहण की गुणवत्ता और पारदर्शिता भी बढ़ी है। एचएलओ ऐप के माध्यम से प्रत्येक मकान और परिवार की जानकारी सीधे ऑनलाइन दर्ज की जा रही है, जिससे त्रुटियों की संभावना कम हो रही है और प्रशासन को वास्तविक समय में प्रगति की जानकारी प्राप्त हो रही है।
इस संपूर्ण कार्य का पर्यवेक्षण सुपरवाइजर अशोक चढ़ार द्वारा किया गया। वहीं चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार बीना डॉ. अंबर पंथी के नेतृत्व में पूरी टीम ने कार्य को समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया। इसके अतिरिक्त मास्टर ट्रेनर कमल पाण्डेय, मुकेश दुबे, हेमंत बबेले, विवेक पाठक तथा अखिलेश अवस्थी के मार्गदर्शन में टीम ने सटीक डेटा संकलन सुनिश्चित किया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जनगणना 2027 देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके आधार पर भविष्य की कई सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तय की जाती है। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शी और सटीक आंकड़े जुटाना प्रशासन की प्राथमिकता है। रहली क्षेत्र में समय पूर्व कार्य पूर्ण होना अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
जनगणना विभाग से जुड़े अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि इसी प्रकार तकनीकी प्रशिक्षण, समन्वय और सक्रिय फील्ड कार्य के माध्यम से जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जनगणना संबंधी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण किए जाएंगे।