सागर में आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विकास कार्यों, स्वच्छता, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, रबी उपार्जन, पेयजल योजनाओं तथा प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में सागर सांसद लता वानखेड़े ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में सागर को प्रदेश और देश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं तथा नगरवासी भी इसमें सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शासन की लोकहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
बैठक में दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता सुशील तिवारी, कलेक्टर प्रतिभा पाल, जिला पंचायत सीईओ विवेक के. वी., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव ऊइके सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर वन बनाने का आह्वान
सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे समाज की सहभागिता से ही सागर को नंबर वन बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तो सागर मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है। उन्होंने कहा कि यह पूरे जिले के लिए गौरव का विषय होगा।

अवैध शराब और अपराधियों पर सख्ती के निर्देश
बैठक में कानून-व्यवस्था का मुद्दा प्रमुख रूप से उठा। सांसद श्रीमती वानखेड़े ने आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि अवैध शराब के विक्रय एवं खरीद पर लगातार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को विशेष रणनीति बनाकर कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सागर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान किशोरियों के लिए “सृजन अभियान”, किशोर बालकों के लिए “अभिमन्यु अभियान”, ऑपरेशन एहसास, स्वयं श्रद्धा, ऑपरेशन मुस्कान सहित विभिन्न जागरूकता अभियानों की जानकारी प्रस्तुत की गई। लोक परिवहन साधनों की जांच, कार्यशालाओं और सेमिनारों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की भी जानकारी दी गई।

मुरम खदानों में सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य
हाल ही में हुई दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सांसद श्रीमती वानखेड़े ने मुरम खदानों में सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खदानों में खुदाई के बाद बने गहरे गड्ढों को सुरक्षित किया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा में लापरवाही के कारण कोई घटना होती है तो संबंधित क्रेशर संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अस्पतालों का निरीक्षण और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए सांसद श्रीमती वानखेड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाओं का स्टॉक उपलब्ध रहे तथा डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ निर्धारित समय पर मौजूद रहें। उन्होंने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
नल-जल योजना और सड़क रेस्टोरेशन पर विशेष जोर
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और नल-जल योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि जहां-जहां पाइपलाइन डालने के बाद सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गुणवत्तापूर्ण रेस्टोरेशन कार्य कराया जाए। सांसद श्रीमती वानखेड़े और सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि नल-जल योजनाओं के पूर्ण होने के बाद पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में निरीक्षण कर हैंडओवर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने सिंचाई परियोजनाओं में प्रभावित लोगों को भू-अर्जन और विस्थापन की राशि समय पर देने के निर्देश दिए। उन्होंने उर्वरक एवं वारदाना की उपलब्धता बनाए रखने तथा उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना से सड़क निर्माण को बढ़ावा
बैठक में प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत सड़क निर्माण और कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। सांसद श्रीमती वानखेड़े ने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सड़कों को जोड़ने और नई सड़कें बनाने का कार्य तेज किया जाए। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने भी लोक निर्माण विभाग को सड़क और भवन निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डेयरी विस्थापन और अग्नि सुरक्षा पर कार्रवाई
महापौर संगीता सुशील तिवारी ने शहर से डेयरी विस्थापन कार्य को सख्ती से लागू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए डेयरियों को निर्धारित विस्थापन क्षेत्रों में भेजा जाए। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने शादी घरों में पार्किंग और फायर सेफ्टी व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रबी उपार्जन और किसानों की सुविधाओं की समीक्षा
बैठक में रबी क्षेत्र, उत्पादन और उत्पादकता की जानकारी प्रस्तुत की गई। खाद्य विभाग द्वारा उर्वरक उपलब्धता और उपार्जन की स्थिति पर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और समय पर तुलाई सुनिश्चित की जाए। उपार्जन कार्य पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने दिए निर्देशों के पालन का भरोसा
बैठक के अंत में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि दिशा समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी सुझावों और निर्देशों का पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहेगा तथा सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।