दमोह शहर में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नूरी नगर इलाके में किराए के मकान में अकेली रह रही महिला का शव कमरे के अंदर मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमरे को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।
मृतका की पहचान शरीफन बी (60) के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से दमोह में रह रही थीं। पुलिस के अनुसार, वह नूरी नगर स्थित बावड़ी रोड पर एक किराए के मकान में अकेली रहती थीं और बीड़ी बनाकर अपना जीवनयापन करती थीं। उनके पति की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी थी, जिसके बाद से वे अकेले जीवन बिता रही थीं।

घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब मंगलवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने देखा कि महिला के घर का दरवाजा खुला हुआ है। उन्हें शक हुआ तो उन्होंने वार्ड पार्षद हिना खान को सूचना दी। हिना खान मौके पर पहुंचीं और अंदर जाकर देखा तो महिला मृत अवस्था में पड़ी थीं। उन्होंने बताया कि शव की स्थिति संदिग्ध लग रही थी और कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे, जिससे आशंका और गहरा गई।
तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार और सीएसपी एचआर पांडे ने मौके का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद कमरे को सील कर दिया, ताकि सबूतों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। इसी कारण सागर से एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करेंगे। साथ ही डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर जांच कर रही है।
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि महिला पिछले करीब 10 वर्षों से दमोह में रह रही थीं और हाल के वर्षों में मुजीब खान के मकान में किराए पर अकेली रह रही थीं। उनका ससुराल बंडा क्षेत्र के बरा गांव में था, लेकिन पति की मृत्यु के बाद वे अपने मायके पक्ष के पास आ गई थीं।
पुलिस अब महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों, पड़ोसियों और आसपास के व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय घर के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति देखा गया था या नहीं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी अहम माना जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह प्राकृतिक मौत है, आत्महत्या है या फिर किसी साजिश का परिणाम।
इस घटना के बाद इलाके में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला शांत स्वभाव की थीं और किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखती थीं। ऐसे में उनकी मौत कई सवाल खड़े कर रही है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। एफएसएल टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के निष्कर्ष के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।