बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा संचालित “सनातन हिंदू एकता पदयात्रा” का शुभारंभ 7 नवंबर 2025 को दिल्ली से हुआ। यह ऐतिहासिक यात्रा 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक चलेगी। यात्रा का उद्देश्य हिंदू समाज में एकता, समरसता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश देना है।

यात्रा के प्रथम दिन ही भाजपा युवा नेता एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पुत्र आकाश सिंह राजपूत दिल्ली पहुंचे और गुरु जी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लेकर पदयात्रा में सहभागी बने।
आकाश सिंह राजपूत ने कहा—
“यह यात्रा समाज में भेदभाव मिटाने, सामाजिक समरसता और एकता के लिए आदर्श साबित होगी। सामाजिक समरसता ही वह सूत्र है जो हमें एकजुट करता है, समानता और सहयोग की भावना को मजबूत बनाता है। यह हमें एक-दूसरे की संस्कृति को समझने और उसका आदर करने की प्रेरणा देती है।”
उन्होंने आगे कहा कि गुरु जी की यह पदयात्रा हिंदू जागरण, एकता और भारत की अखंडता का प्रतीक है। इसका संदेश स्पष्ट है— हम सब एक हैं, और हमें एक रहकर अपने राष्ट्र और धर्म के प्रति कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। ऊंच-नीच, जाति-पंथ का भेद मिटाकर सनातनी संस्कृति की रक्षा के लिए तत्पर रहना ही सच्ची देशभक्ति है।
इस यात्रा में देशभर से लाखों श्रद्धालु जुड़ रहे हैं। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा, स्वागत द्वार और भक्ति संगीतमय आयोजनों के माध्यम से गुरु जी और पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया जा रहा है।