बीना/खुरई। खुरई देहात थाना क्षेत्र के मुकारमपुर गांव में एक 22 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक युवक तीन दिन पहले ही सागर स्थित एक नशामुक्ति केंद्र से वापस घर लौटा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान करन पिता दयाराम अहिरवार (22) निवासी मुकारमपुर के रूप में हुई है। करन बीना रिफाइनरी में मजदूरी का काम करता था। परिजनों के मुताबिक उसे शराब पीने की लत थी, जिसके चलते परिवार ने उसे इलाज और सुधार के लिए सागर के एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। वहां कुछ समय रहने के बाद वह तीन दिन पहले ही वापस अपने गांव लौटा था।
सुबह पिता ने देखा तो फंदे पर लटका था बेटा
मृतक के पिता दयाराम अहिरवार ने बताया कि सोमवार रात पूरा परिवार सामान्य तरीके से साथ बैठकर खाना खाकर सोया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि रात में ऐसा कदम उठ जाएगा। मंगलवार सुबह जब वे दूसरी मंजिल पर बने करन के कमरे में पहुंचे तो उनका बेटा फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही खुरई ग्रामीण थाना प्रभारी संतोष सिंह दागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत से परिवार सदमे में है। गांव में भी घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। बताया जा रहा है कि करन परिवार का कमाने वाला सदस्य था और मजदूरी कर घर की आर्थिक मदद करता था।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
खुरई देहात थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि युवक मानसिक तनाव में था या किसी अन्य कारण से परेशान था।
थाना प्रभारी संतोष सिंह दागी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।