बांदरी। खुरई विधानसभा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को बांदरी नगर परिषद क्षेत्र के बमनोरा, इमलिया, सेमरअटा और बांदरी वार्डों में 1.5 करोड़ की लागत से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “विकास का वास्तविक लाभ तभी है जब समाज अनुशासित, संस्कारित और धर्ममय हो। आप धर्म और संस्कृति के मार्ग पर चलें, विकास की जिम्मेदारी मुझ पर छोड़ दें।”
सिंह बोले—स्वागत में फूलमाला नहीं, बच्चों के लिए किताबें और कॉपी दें
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व गृहमंत्री ने जनता और जनप्रतिनिधियों ने आग्रह किया कि आगे से स्वागत में महंगी माला, शॉल या बड़ी फोटो न दी जाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ रोरी-हल्दी से पारंपरिक सम्मान करें, और बच्चों के लिए कॉपी, किताबें, पेन, टॉफियां भेंट करें, जिन्हें कार्यक्रम के बाद स्कूली बच्चों को वितरित किया जाएगा।
इस अपील का त्वरित प्रभाव भी देखने को मिला और स्वागतकर्ताओं ने इसी सामग्री का उपयोग कर उनका सम्मान किया।

“50 साल में कांग्रेस ने बांदरी में कुछ नहीं किया”—भूपेन्द्र सिंह
विधायक ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में कांग्रेस ने बांदरी के लिए केवल भाषण ही दिए। उन्होंने उल्लेख किया कि भाजपा सरकार के दौरान ही क्षेत्र में:
- तहसील कार्यालय
- कॉलेज
- उल्दन बांध
- हर घर नल कनेक्शन
- ऑडिटोरियम व बड़े शादीघर
- नालियां, सड़कें, स्ट्रीट लाइट
- गरीबों के मकान
जैसे महत्वपूर्ण कार्य सम्पन्न हुए।

शराब और नशा विकास में बाधा—धर्म ही समाधान: भूपेन्द्र सिंह
उन्होंने कहा कि शराब और नशीले पदार्थ क्षेत्र, परिवार और समाज के विकास को रोकते हैं।
सिंह ने कहा कि “कथाएं, रामायण, गीता पाठ करें। धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने वाले को भगवान स्वयं सहायता करते हैं।”
आवासीय पट्टों के सर्वे में किसी पात्र का नाम न छूटे—विधायक के निर्देश
बैठक में पूर्व गृहमंत्री ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में एक भी आवासहीन पात्र व्यक्ति का नाम सर्वे में न छूटे।
उन्होंने बताया कि शासन ने अधिनियम 1984 के अंतर्गत भूमिहीन व्यक्तियों को आवासीय पट्टे देने का निर्णय लिया है।
महत्वपूर्ण बदलाव के तहत भूमि पर काबिज होने की तिथि 31 दिसंबर 2014 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2020 कर दी गई है।
उन्होंने बांदरी के सभी 15 वार्डों के सर्वे प्रभारियों और पटवारियों के नाम सार्वजनिक रूप से पढ़कर लोगों से कहा कि वे उनसे संपर्क कर सर्वे में अपने नाम दर्ज कराएं।
जनवरी में पट्टा वितरण की संभावना भी व्यक्त की गई।
अतिक्रमण हटाने व यातायात समस्या के समाधान के निर्देश
बांदरी नगर परिषद की बैठक में विधायक ने जाम की समस्या दूर करने के लिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश तहसीलदार व टीआई को दिए।
एसडीएम मनोज चौरसिया ने बताया कि खुरई विधानसभा में SIR के 18,000 फॉर्म अब भी वापस नहीं आए हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की ताकि किसी पात्र नागरिक का नाम न छूटे।
विकास कार्यों पर चर्चा, नया बड़ा शेड निर्माण स्वीकृत
बैठक में पार्षदों ने विकास कार्यों एवं समस्याओं पर चर्चा की।
नगर परिषद अध्यक्ष सुधा विश्वनाथ सिंह के आग्रह पर पूर्व मंत्री ने नवनिर्मित शेड से बड़ा एक और शेड स्वीकृत किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित
लोकार्पण व बैठक के दौरान एसडीएम मनोज चौरसिया, सीएमओ संजय समुद्रे, मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी लोधी सहित बड़ी संख्या में पार्षद, बीएलओ, वार्ड प्रभारी, भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।