बेटे की पिटाई का वीडियो देखकर पिता को हार्ट अटैक; अस्पताल ले जाते समय हुई मौत !

Spread the love

ग्वालियर में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। सड़क पर खड़े होने के मामूली विवाद में कार सवार बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। बेटे की गंभीर हालत वीडियो कॉल पर देखकर उसके पिता को हार्ट अटैक आ गया और उनकी मौत हो गई।

घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हुरावली रोड पर हुई। पीड़ित हरज्ञान चौहान अपने साथियों के साथ खड़ा था, तभी कार सवार बदमाश पहुंचे और सड़क पर खड़े होने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। बात बढ़ी तो बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर हरज्ञान को बुरी तरह घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।


सीसीटीवी में कैद हुए भागते बदमाश

घटना स्थल के पास लगे कैमरों में बदमाशों के भागते हुए फुटेज सामने आए हैं। पुलिस ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


वीडियो कॉल देखा, सदमे में गिरे पिता

हरज्ञान के साथियों ने घटना के तुरंत बाद उसके पिता लक्ष्मण चौहान को वीडियो कॉल किया।
वीडियो में बेटे को खून से लथपथ हालत में देखकर लक्ष्मण सदमे में आ गए।

परिवार के अनुसार, बेटे से मिलने के लिए घर से निकलते ही उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


चाट काउंटर लगाने का काम करता है हरज्ञान

घायल हरज्ञान शादियों में चाट का काउंटर लगाने का काम करता है और अक्सर देर रात घर लौटता है। घटना की रात भी वह एक शादी समारोह से घर जा रहा था।

पुलिस ने कहा कि बदमाश जल्द पकड़े जाएंगे और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *