कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदीप जी.आर. ने जिले में चल रहे Enumeration Form वितरण और डिजिटाइज़ेशन कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक बीएलओ प्रति दिवस कम से कम 100 मतदाताओं के मतदाता गणना पत्रक (Enumeration Form) का डिजिटाइज़ेशन अनिवार्य रूप से पूरा करें।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बीएलओ का दायित्व है कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें और उनके विवरण को ऐप पर शीघ्रता से दर्ज करें। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि जो बीएलओ निर्धारित लक्ष्य के अनुसार डिजिटाइज़ेशन प्रक्रिया में तेजी नहीं लाएंगे, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

कलेक्टर संदीप जी.आर. ने सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि हर बीएलओ रोज़ाना निर्धारित लक्ष्य के अनुसार डिजिटल प्रविष्टियां पूर्ण करे।
उन्होंने कहा कि यह कार्य मतदाता सूची के शुद्धिकरण और सटीक अपडेट के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।