बीना | खिमलासा में अधूरी नल जल योजना पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा !

Spread the love

सागर जिले के बीना तहसील अंतर्गत ग्राम खिमलासा में नल जल योजना का कार्य अधूरा पड़े रहने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। विशेष रूप से दलित बस्ती के वार्ड क्रमांक 12 और 13 में योजना का काम बीच में ही बंद कर दिए जाने से इन इलाकों में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए शुरू की गई योजना ही अब परेशानी का कारण बन गई है।

खुदाई के बाद रोक दिया गया काम

जानकारी के अनुसार, नल जल योजना के तहत वार्ड 12 और 13 में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई का कार्य प्रारंभ किया गया था। कुछ दिनों तक काम चला, लेकिन इसके बाद बिना किसी पूर्व सूचना के कार्य बंद कर दिया गया। खुदाई के चलते रास्ते पूरी तरह खराब हो गए हैं, जिससे लोगों का आना-जाना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते काम शुरू नहीं हुआ तो गर्मी के मौसम में हालात और भी विकट हो जाएंगे।

तहसील कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन

पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को पूर्व जनपद अध्यक्ष इंदर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में बीना तहसील कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम के नाम तहसीलदार डॉ. अंबर पंथी को एक ज्ञापन सौंपा।

शीघ्र काम पूरा करने की मांग

ज्ञापन में मांग की गई कि दलित बस्ती के वार्ड क्रमांक 12 और 13 में नल जल योजना का कार्य तत्काल फिर से शुरू कर उसे शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या से ग्रामीणों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में माखन, रामलला, सुनील, राजेंद्र, लल्ला, अरविंद, दीपक, सोनू, गजराज, रामसिंह, जगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

पंचायत का पक्ष: काम जारी, जल्द मिलेगी राहत

इस संबंध में पंचायत सचिव जगदीश साहू ने बताया कि खिमलासा की पुरानी नल जल योजना वर्ष 1974 की है, जिससे वर्तमान में महज 30 प्रतिशत आबादी को ही पानी मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि नई नल जल योजना का कार्य प्रगति पर है और गांव के अधिकांश क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।

पंचायत सचिव ने कहा कि दलित बस्ती में भी पाइपलाइन डाल दी गई है और जल्द ही वहां जल आपूर्ति शुरू की जाएगी, हालांकि फिलहाल इन वार्डों में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। वर्तमान स्थिति में लगभग 15 हजार की आबादी वाले खिमलासा गांव में पंचायत द्वारा मात्र 500 घरों में ही पानी की आपूर्ति की जा रही है।

जल्द समाधान की उम्मीद

ग्रामीणों को प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है। अब देखना यह है कि नल जल योजना का अधूरा कार्य कब तक पूरा होता है और खिमलासा के दलित बस्तीवासियों को कब तक नियमित पेयजल उपलब्ध हो पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *