मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विधानसभा सत्र समापन पर भाषण !

Spread the love

सागर, 05 दिसम्बर 2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश विधानसभा के सत्र के समापन अवसर पर सदन को संबोधित करते हुए कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के स्वप्न को विकसित मध्य प्रदेश बनाकर साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत बनाना केवल मिशन नहीं, बल्कि हमारा धर्म भी है।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा को प्रजातंत्र का मंदिर बताते हुए अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर के कुशल संचालन की सराहना की। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष को प्रजातंत्र की धुरी बताया और नेता प्रतिपक्ष का धन्यवाद किया, जिनके नेतृत्व में विपक्ष ने पूरे सत्र में सकारात्मक चर्चा की।

द्वितीय अनुपूरक बजट पर मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 13,476.94 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए 4000 करोड़, उपार्जन संस्थाओं को ऋण हेतु 2000 करोड़, लाडली बहना योजना के लिए 1794 करोड़, पंचायत विभाग के लिए 1633 करोड़ और उद्योग, कृषि व अन्य विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये स्वीकृतियाँ मध्य प्रदेश को विकास के पथ पर तेज गति से अग्रसर करेंगी।

साथ ही, मध्य प्रदेश नगर पालिका संशोधन विधेयक 2025 पेश किया गया, जिसमें नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में अध्यक्ष का निर्वाचन प्रत्यक्ष प्रणाली से करने का प्रावधान शामिल है, जिससे निकायों के कामकाज में तेजी आएगी। मुख्यमंत्री ने पक्ष और विपक्ष दोनों का आभार माना और सदन में मध्य प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

विशेष रूप से, मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए देश में पहली बार ऑनलाइन पारदर्शी नियुक्ति प्रणाली लागू करने का ऐलान किया। सागर विधानसभा सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त 12,075 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। लगभग 4 लाख आवेदनों में से चयन पूरी तरह मेरिट आधारित और पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ। नवनियुक्तों को मासिक मानदेय के रूप में लगभग 14 करोड़ रुपये का वितरण होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बच्चों को यशोदा मैया की तरह शिक्षा और संस्कार देंगे और कुपोषण के खिलाफ काम करेंगे। कार्यक्रम में मन्त्री निर्मला भूरिया, पूर्व मन्त्री अर्चना चिटनिस, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और प्रमुख सचिव जीवी रश्मि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने सदन में कहा, “चरैवेति चरैवेति के मंत्र के अनुसार हमारी सरकार जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *