वर्ल्ड कप के लिए अर्जेंटीना की टीम घोषित: लियोनेल मेसी करेंगे कप्तानी, 2022 की चैंपियन टीम के 17 खिलाड़ी शामिल !

Spread the love

अर्जेंटीना ने आगामी फीफा वर्ल्ड कप के लिए अपनी 26 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर स्क्वॉड जारी किया।

टीम की कमान एक बार फिर स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के हाथों में होगी। 39 साल के होने जा रहे मेसी अपने करियर का छठा वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं। इससे पहले वे 2006, 2010, 2014, 2018 और 2022 विश्व कप में अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

2022 की चैंपियन टीम के 17 खिलाड़ी शामिल

अर्जेंटीना ने पिछला वर्ल्ड कप 2022 में जीता था, जब उसने फाइनल में फ्रांस को रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में हराकर तीसरी बार विश्व खिताब अपने नाम किया था।

अब घोषित की गई नई टीम में उस विजेता स्क्वॉड के 17 खिलाड़ियों को दोबारा जगह दी गई है। इससे साफ है कि कोच लियोनेल स्कालोनी ने अनुभव और टीम संयोजन पर भरोसा जताया है।

खिलाड़ियों की फिटनेस बनी चिंता

टीम चयन से पहले कई अहम खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई थी। कप्तान मेसी बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। इसी वजह से वे हाल ही में इंटर मियामी का पिछला मैच पूरा नहीं खेल सके थे।

इसके अलावा गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज की उंगली में फ्रैक्चर हुआ था। वहीं क्रिस्टियन रोमेरो, नहुएल मोलिना और गोंजालो मोंटियल भी चोट से उबर रहे हैं।

हालांकि कोच स्कालोनी ने भरोसा जताया कि टूर्नामेंट शुरू होने तक अधिकांश खिलाड़ी पूरी तरह फिट हो जाएंगे।

16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ पहला मैच

अर्जेंटीना अपना वर्ल्ड कप अभियान 16 जून को ग्रुप-जे में अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले से शुरू करेगी। इस ग्रुप में ऑस्ट्रिया और जॉर्डन की टीमें भी शामिल हैं।

टीम शनिवार को अपने बेस कैंप के लिए कंसास सिटी रवाना होगी। वर्ल्ड कप से पहले अर्जेंटीना अभ्यास मैचों में होंडुरास और आइसलैंड से भिड़ेगी।

अर्जेंटीना की पूरी टीम

गोलकीपर

  • एमिलियानो मार्टिनेज
  • जेरोनिमो रूली
  • जुआन मुस्सो

डिफेंडर

  • गोंजालो मोंटियल
  • नहुएल मोलिना
  • लिसांद्रो मार्टिनेज
  • निकोलस ओटामेंडी
  • लियोनार्डो बालेरडी
  • क्रिस्टियन रोमेरो
  • निकोलस टैग्लियाफिको
  • फाकुंडो मेडिना

मिडफील्डर

  • जियोवानी लो सेल्सो
  • लिएंड्रो परेडेस
  • रोड्रिगो डी पॉल
  • एक्सेकियल पलासियोस
  • एंजो फर्नांडीज
  • एलेक्सिस मैक एलिस्टर
  • वैलेंटिन बार्को

फॉरवर्ड

  • लियोनेल मेसी
  • निकोलस गोंजालेज
  • गिउलियानो सिमेओने
  • लाउतारो मार्टिनेज
  • जोस मैनुएल लोपेज
  • जूलियन अल्वारेज
  • थियागो अल्माडा
  • निको पाज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *