सागर।
मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा रतलाम में लाड़ली बहनों को लेकर दिए गए विवादित बयान के विरोध में बुधवार को सागर में महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मंत्री विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मंत्री द्वारा दिया गया बयान महिलाओं का अपमान है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। महिला कांग्रेस ने मंत्री को तत्काल बर्खास्त किए जाने की मांग की।

क्या है विवाद
दरअसल, मंत्री विजय शाह ने रतलाम में आयोजित एक बैठक के दौरान लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा था कि जिन लाड़ली बहनों को सरकार द्वारा राशि दी जा रही है, उन्हें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सम्मान सभा में शामिल होना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि जो बहनें सभा में शामिल नहीं होंगी, उनकी योजना में बढ़ाई जाने वाली सहायता राशि की पात्रता की पुनः जांच कराई जानी चाहिए। इस बयान के सामने आने के बाद प्रदेशभर में विरोध शुरू हो गया।
महिलाओं के अपमान का आरोप
सागर कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष रेखा चौधरी ने कहा कि संविधान और महिलाओं का अपमान करने वाले मंत्री विजय शाह को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने वोट देकर ऐसे लोगों को सत्ता में पहुंचाया है और वही मंत्री महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में महिलाएं ऐसे नेताओं को सत्ता की कुर्सी से उतारने का काम करेंगी। साथ ही उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
अपराधों पर भी जताया आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस ने सागर शहर सहित जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि शहर में चाकूबाजी, कट्टरबाजी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। खुलेआम अवैध शराब बिक्री, जुआ और सट्टा चल रहा है। कांग्रेस ने प्रशासन से अवैध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।