शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के 14 NCC कैडेट्स का अग्निवीर व अर्द्धसैनिक बलों में चयन !

Spread the love

सागर।
स्थानीय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के छात्रों ने एक साथ ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। महाविद्यालय के राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) 11 एमपी ब्वॉयज़ बटालियन के 14 कैडेट्स का भारतीय सेना की ‘अग्निवीर’ योजना एवं विभिन्न अर्द्धसैनिक बलों में चयन हुआ है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

यह सफलता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सरोज गुप्ता एवं 11 एमपी ब्वॉयज़ बटालियन NCC के अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. जयनारायण यादव के मार्गदर्शन में मिले कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम का परिणाम है।

चयनित कैडेट्स में भानु लोधी, शैलेश गौड, आकाश पटेल, रिंकू अहिरवार, अनुभव लोधी, सचिन सेन, गणेश पटेल, रामेश्वर अहिरवार, संजय साहू, राहुल प्रजापति, मोहित यादव, दीपक कुशवाहा एवं राकेश लोधी शामिल हैं।

महाविद्यालय में हुआ सम्मान समारोह

कैडेट्स की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रोफेसर सरोज गुप्ता ने चयनित कैडेट्स को फूल-मालाएं पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने इसे महाविद्यालय के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि कैडेट्स ने राष्ट्र सेवा के प्रति अपने समर्पण को सिद्ध किया है।

इस अवसर पर NCC अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. जयनारायण यादव ने कैडेट्स के कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान समारोह में डॉ. संदीप सबलोक, डॉ. सुरेंद्र यादव, डॉ. अंकुर गौतम, डॉ. संदीप तिवारी, डॉ. रविन्द्र सिंह, डॉ. वरुण राज यादव सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भावी जवानों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *