सागर जिले में बढ़ती सर्दी के मद्देनज़र स्कूलों के समय में परिवर्तन, डीईओ ने जारी किया आदेश !

Spread the love

सागर जिले में बढ़ती सर्दी को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सागर ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, केन्द्रीय, आईसीएसई और सीबीएसई विद्यालयों का संचालन अब प्रातः 8:30 बजे के पहले नहीं किया जाएगा। सर्दी के प्रभाव के कारण छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। डीईओ द्वारा जारी पत्र को कलेक्टर सागर की स्वीकृति भी प्राप्त है। आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संभाग, जिला परियोजना समन्वयक सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्राचार्यों को भेजी गई है, ताकि इसे समय पर लागू किया जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सुबह के समय बढ़ती ठंड, कोहरा और ठंडी हवाओं के कारण बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है, इसलिए विद्यालय समय में परिवर्तन आवश्यक था। अभिभावकों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए उचित बताया है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददता – अर्पित सेन
7806077338, 9009619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *