अब बुंदेलखंड क्षेत्र के मरीजों को सीटी स्कैन और एमआरआई जांच के लिए भोपाल या जबलपुर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं अब सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में उपलब्ध होंगी।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने आज बीएमसी में सीटी स्कैन (160 स्लाइस) और एमआरआई (1.5 टेस्ला) मशीनों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने कहा कि सरकार बीएमसी को लगातार नई सुविधाओं से सुसज्जित कर रही है और यह संस्थान अब संपूर्ण बुंदेलखंड के लिए वरदान साबित होगा।

मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि पहले मरीजों को छोटी-छोटी बीमारियों और जांचों के लिए भी भोपाल या इंदौर जाना पड़ता था, लेकिन अब ये जांचें यहीं बीएमसी में होंगी। उन्होंने डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ से अपील की कि वे ईमानदारी और लगन से काम करें और मरीजों को बेहतर उपचार दें।

इस अवसर पर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि बीएमसी में स्वास्थ्य सुविधाओं का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही बीएमसी में कैथ लैब और कैंसर अस्पताल की भी स्थापना होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि बीएमसी की एमबीबीएस सीटों को वर्तमान 150 से बढ़ाकर 250 तक किया जाए।

बीएमसी के अधिष्ठाता डॉ. पी.एस. ठाकुर ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि जनप्रतिनिधियों और सरकार के सहयोग से बीएमसी लगातार प्रगति कर रहा है। जल्द ही यहां कैंसर अस्पताल और कैथ लैब की स्थापना होगी जिससे यह संस्थान जीवनदायिनी केंद्र के रूप में विकसित होगा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, डॉ. राजेश जैन, डॉ. पुण्य प्रताप सिंह, डॉ. सौरभ जैन, डॉ. रमेश पांडे, डॉ. सृकति श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।