सागर से गांव लौट रहा छात्र रहस्यमयी ढंग से गायब, दो दिन बाद मिला शव !

Spread the love

बीना। खुरई रोड स्थित रजवांस क्षेत्र में लापता कॉलेज छात्र का शव कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रोहित अहिरवार के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। छात्र का शव सोमवार को एक वेयरहाउस के पीछे स्थित कुएं से बरामद किया गया। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि घटनास्थल से पहले ही खून के निशान और छात्र का सामान मिला था।

जानकारी के अनुसार रोहित अहिरवार सागर में रहकर बीएससी की पढ़ाई करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह मूल रूप से इनायतपुर गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार 16 मई को रोहित ने फोन कर बताया था कि वह सागर बस स्टैंड पर है और गांव लौट रहा है। लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।

जब काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, तो 17 मई को सागर कैंट थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की, जिसके बाद खुरई रोड स्थित रजवांस क्षेत्र में उसकी तलाश की गई।

रविवार को रजवांस में एक मोबाइल टावर के पास रोहित अहिरवार का मोबाइल फोन, जूते और खून के निशान मिले थे। वहीं टावर से लगभग 500 मीटर दूर उसका बैग भी बरामद हुआ था। पास ही स्थित एक टॉयलेट के दरवाजे और तार फेंसिंग पर खून के धब्बे पाए जाने से किसी बड़ी अनहोनी की आशंका गहरा गई थी।

सोमवार को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से वेयरहाउस के पीछे स्थित कुएं में तलाशी अभियान चलाया गया, जहां से छात्र का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

एडिशनल एसपी संजीव कुमार ऊईके ने बताया कि शव के गले पर कट के निशान पाए गए हैं और कपड़े भी खून से सने हुए थे। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए मालथौन भेजा गया है, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा परीक्षण किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला हत्या का है या किसी अन्य परिस्थिति का।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *