सागर। नगर रत्न अलंकरण समिति द्वारा सर्वोदय भवन में 23वें नगर रत्न अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों, समाजसेवियों और विशिष्ट प्रतिभाओं का उत्साहपूर्वक सम्मान किया गया। आयोजन का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध हास्य कवि सुनील समैया को वर्ष 2026 के “नगर रत्न अलंकरण सम्मान” से सम्मानित किया जाना रहा।
यह सम्मान राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त स्वर्गीय पी. क्लॉडियस एवं सीडी क्लॉडियस की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। समारोह में शहर की विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया।
कार्यक्रम में सबसे पहले मध्यप्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा 10वीं की छात्रा वैष्णवी रजक एवं कक्षा 12वीं की छात्रा हिमानी ठाकुर को “नगर गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। दोनों छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए अतिथियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रवि शंकर अवस्थी और डालचंद पटेल को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में शहर के 18 विद्यालयों के कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले करीब 80 विद्यार्थियों को शील्ड, स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का सबसे खास क्षण तब आया जब प्रसिद्ध हास्य कवि सुनील समैया को वर्ष 2026 का “नगर रत्न अलंकरण सम्मान” प्रदान किया गया। उन्हें शील्ड, अलंकरण पट्टिका और 5111 रुपए की नकद राशि भेंट कर सम्मानित किया गया।
बताया गया कि सुनील समैया पिछले 18 वर्षों से कविता पाठ कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। वे 18 राज्यों सहित 12 हिंदी भाषी प्रदेशों में लगभग 2500 मंचों पर कविता पाठ कर चुके हैं। बीना में एक ही दिन में 10 अलग-अलग स्थानों पर कवि सम्मेलन कर उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है। इसके अलावा उन्हें “मैसूर रत्न अवॉर्ड” से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी इस उपलब्धि पर शहरवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी।
समारोह में एसडीएम रवीश श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक नितेश दुबे, सीएमओ राहुल कौरव, डॉ. संध्या टिकेकर, किरण गांधी, कवि महेंद्र अभागा, संयोजक सुजीत क्लॉडियस, सचिव सीताराम चौरसिया, अध्यक्ष राम शर्मा, बेनी प्रसाद सेन एवं उमेश शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में नगर रत्न अलंकरण समिति के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से देवेंद्र तिवारी, आरके जैन, डॉ. रश्मि जैन, नीरज जैन, नपा उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया, निरंजन गौतम, इरफान खान, उमेश नामदेव, प्राचार्य मंजू यादव, अशोक परिहार, बृजभान ठाकुर, सुनील प्रजापति, रविंद्र तिवारी, संजय सिंह राजपूत एवं उदय यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।