प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने सागर प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री संदीप जी आर द्वारा संचालित अभिनव फ्रूट फॉरेस्ट योजना का निरीक्षण किया। इस योजना के तहत जिले में 10 लाख से अधिक फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्यपाल ने रहली विकासखंड के ग्राम कड़ता स्थित 10 एकड़ से अधिक भूमि पर विकसित फूड फॉरेस्ट का अवलोकन किया और आम का पौधा रोपकर पौधारोपण अभियान की शुरुआत की।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने राज्यपाल को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सागर जिले के सभी 11 विकासखंडों में यह पहल चलाई जा रही है। इसके तहत लगाए जा रहे फलदार पौधे स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों और संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंपे जाएंगे, जिससे उन्हें दीर्घकालिक स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि सभी फूड फॉरेस्ट क्षेत्रों में फेंसिंग और ड्रिप सिस्टम की व्यवस्था की गई है, ताकि पौधों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

राज्यपाल श्री पटेल ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि “इस तरह की योजनाएं पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाना चाहिए।”

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री गोपाल भार्गव, विधायक श्री ब्रजबिहारी पटैरिया, विधायक श्री वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला अध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा, डीआईजी श्री सचिंद्रनाथ चौहान, कलेक्टर श्री संदीप जी आर, एसपी श्री विकास शाहवाल, डीएफओ श्री वरुण यादव, डीएफओ श्री ए.के. अंसारी, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के वी सहित अनेक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।