राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनजातीय परिवार संग किया भोजन !

Spread the love

प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने सागर जिले की रहली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ता में अनुसूचित जनजाति समुदाय के श्री राजेश गोंड के प्रधानमंत्री आवास पर पहुंचकर दोपहर का भोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद भी किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने इस आवास की सराहना की।

राज्यपाल श्री पटेल ने आवास परिसर में बने तुलसी के पौधे को जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों के सपनों को साकार किया है और इस योजना से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

भोजन के दौरान राज्यपाल ने घर में परोसे गए पारंपरिक व्यंजनों — ज्वार-बाजरा की रोटी, खीर और दही बड़े की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आहार न केवल स्वास्थ्यवर्धक हैं बल्कि भारतीय ग्रामीण संस्कृति की पहचान भी हैं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री गोपाल भार्गव, विधायक श्री बृजबिहारी पटैरिया, विधायक श्री वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला अध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा, श्री राजेश गोंड सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। राज्यपाल के इस स्नेहिल व्यवहार से ग्रामवासी भावविभोर हो उठे और उन्होंने अपने ग्राम में राज्यपाल के आगमन को गौरव का क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *