बालिका सुरक्षा और सरकारी सेवा पर किया मार्गदर्शन !

Spread the love

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली में आज नवीन व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत एक अतिथि व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में रहली अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री प्रकाश मिश्रा उपस्थित हुए। उन्होंने छात्राओं को बाल अपराध, साइबर क्राइम, बाल विवाह जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा साइबर अपराध, बालिका सुरक्षा, आईएएस, आईपीएस जैसी सरकारी सेवाओं और समाज में पुलिस सेवा से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका श्री मिश्रा ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं वंदन से की गई। विद्यालय प्राचार्य प्रभारी श्री भरत सिंह राजपूत ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। व्यावसायिक शिक्षा के नोडल प्रभारी अरुण कुमार दुबे ने बताया कि इस तरह के व्याख्यान छात्रों में शिक्षा के प्रति नवाचार और जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर शिक्षक गण श्री नरेश यादव, संजय तिवारी, इंद्रपाल लोधी ने मुख्य अतिथि का अंग वस्त्र और मोमेंट देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि ने छात्राओं के साथ विद्यालय परिसर का भ्रमण किया और विद्यालय में स्थित औषधि गार्डन का अवलोकन किया। इस दौरान ट्रेड शारीरिक शिक्षा और हेल्थ केयर की छात्राओं ने रक्त परीक्षण कर उसके परिणाम प्रस्तुत किए, जिससे श्री मिश्रा अत्यंत प्रभावित हुए। उन्होंने छात्राओं के ज्ञान और प्रयोगात्मक क्षमताओं की सराहना की और भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम देखने की उम्मीद व्यक्त की।

कार्यक्रम में कक्षा 11वीं की छात्रा रिया गुण सहित अन्य कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रश्न पूछकर संवाद सत्र को और प्रभावशाली बनाया। छात्रों और मुख्य अतिथि के बीच आयोजित संगोष्ठी में सरकारी सेवाओं में करियर, समाज सेवा और पुलिसिंग के क्षेत्र में मार्गदर्शन साझा किया गया।

अंत में, मुख्य अतिथि ने औषधि गार्डन का निरीक्षण किया और वहां उगाए जा रहे औषधीय पौधों से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा प्राप्त अनुभव और सीख को साझा करने के साथ किया गया।

इस व्याख्यान कार्यक्रम ने छात्राओं में साइबर सुरक्षा, बालिका सुरक्षा, सरकारी सेवाओं में कैरियर और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण चेतना और प्रेरणा का संचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *