भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश और कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदीप जी.आर. के मार्गदर्शन में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR 2026) का कार्य जिले में पूरी गति से जारी है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को सटीक, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रह जाए।

बूथ लेवल अधिकारी (BLO) लगातार घर-घर जाकर मतदाता गणना प्रपत्र (गणना पत्रक) वितरित कर रहे हैं और नागरिकों को उन्हें सही ढंग से भरने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान कर रहे हैं। आज BLO द्वारा भाग संख्या 228 में सागर के महापौर के निवास पर EF फॉर्म का वितरण किया गया। इस दौरान BLO ने मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई और पात्र मतदाताओं की मदद कर फॉर्म भरवाने में सहयोग दिया।
कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने कहा कि SIR अभियान के अंतर्गत प्रत्येक मतदान केंद्र क्षेत्र में BLO यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि
- कोई भी पात्र नागरिक सूची से छूटे नहीं,
- कोई भी अपात्र व्यक्ति शामिल न हो,
- और सभी नई प्रविष्टियाँ, संशोधन एवं विलोपन समय पर पूरे हों।
उन्होंने निर्देश दिए कि BLO और सुपरवाइजर गणना पत्रक भरने के बाद उसे बीएलओ ऐप के माध्यम से अपलोड करें, ताकि जानकारी रियल-टाइम में अपडेट हो सके। साथ ही, ईआरओ एवं एईआरओ को विधानसभा वार कार्य की नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की टीमें नागरिकों को जागरूक करने के लिए भी सक्रिय हैं, ताकि हर योग्य मतदाता अपनी जानकारी समय पर उपलब्ध कराए और लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदार बने।
मतदाता फॉर्म भरने में किसी भी प्रकार की समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर नागरिक कलेक्टर कार्यालय के कॉल सेंटर — 07582-224543 पर संपर्क कर सकते हैं।