अधिकार क्षेत्र से बाहर तकनीकी स्वीकृति जारी करने पर सहायक यंत्री अमर सिंह आदिवासी निलंबित !

Spread the love

कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने अनुशासनहीनता और पद दुरुपयोग के गंभीर मामले में जनपद पंचायत हटा, जिला दमोह में पदस्थ सहायक यंत्री (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा) अमर सिंह आदिवासी को निलंबित कर दिया है। बताया गया है कि सहायक यंत्री अमर सिंह आदिवासी ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर 20 कार्यों की तकनीकी स्वीकृति जारी की थी, जो नियमों के विपरीत है।

सूत्रों के अनुसार, सहायक यंत्री को इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था तथा व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन वे निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद उनके द्वारा प्रस्तुत तकनीकी स्वीकृति पंजी की छायाप्रति का परीक्षण किया गया, जिसमें स्पष्ट रूप से यह पाया गया कि उन्होंने ऐसे कार्यों को स्वीकृति दी है, जिनकी तकनीकी अनुमति देने का अधिकार उन्हें प्राप्त नहीं था।

कमिश्नर श्री सुचारी ने इस कृत्य को पद दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता का उदाहरण मानते हुए तत्काल प्रभाव से अमर सिंह आदिवासी को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
यह कार्रवाई प्रशासनिक जवाबदेही और कार्य संस्कृति में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *