निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। कलेक्टर श्री संदीप जीआर के नेतृत्व में जिला प्रशासन मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। जिले में कुल 18,14,792 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक 13 लाख से अधिक मतदाताओं को मतदाता गणना प्रपत्र (Voter Enumeration Sheet) वितरित किए जा चुके हैं।

बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर पहुंचकर गणना पत्रक का वितरण कर रहे हैं और मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और नए नाम जोड़ने, सुधार या हटाने की जानकारी भी दे रहे हैं। यह अभियान नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, पुराने विवरण सुधारने तथा फर्जी/डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री संदीप जीआर ने बताया कि जिले में SIR अभियान की प्रगति संतोषजनक है और इसे निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए सभी अधिकारी प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में वितरण शेष है, वहाँ BLO शीघ्रता से सभी घरों तक पहुंचे और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।
कलेक्टर ने लोगों से अपील की कि वे BLO के साथ सहयोग करते हुए अपने सही विवरण अवश्य भरें। किसी भी तरह की सहायता या शिकायत के लिए जिला कार्यालय में बनाए गए विशेष कॉल सेंटर 07582-224543 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन का मानना है कि सटीक मतदाता सूची ही स्वच्छ एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है, और इस दिशा में जिले का SIR अभियान एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।