खुरई विधानसभा क्षेत्र में सोमवार, 17 नवंबर को यूनिटी मार्च का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद डॉ. लता वानखेड़े होंगी, जबकि अध्यक्षता पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक श्री भूपेंद्र सिंह करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी उपस्थित रहेंगे। मार्च का नेतृत्व युवा भाजपा नेता अविराज सिंह करेंगे।

यूनिटी मार्च की तैयारियों को लेकर रविवार को विस्तृत बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने को लेकर रणनीति बनाई गई। स्थानीय युवाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से सहयोग की अपील की गई। युवा नेता अविराज सिंह ने बताया कि मार्च की शुरुआत ऑफ़िसर्स कॉलोनी स्थित विधायक कार्यालय से होगी। यह परसा तिराहा, झंडा चौक और मंगलधाम होते हुए महाकाली टीन शेड तक पहुंचेगा, जहां एक विशाल आमसभा के साथ इसका समापन होगा।
मार्ग में 15 से 20 स्थानों पर भव्य स्वागत की तैयारियाँ की गई हैं।

मार्च में सरदार वल्लभभाई पटेल की तस्वीर से सुसज्जित मुख्य वाहन सबसे आगे चलेगा। रास्ते में स्वागत हेतु होर्डिंग्स और स्टैंडी लगाए जा रहे हैं, जिनमें सरदार पटेल की शिक्षाओं एवं एकता के संदेश को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। नागरिकों से अपने घरों से पुष्प वर्षा कर स्वागत करने की अपील की गई है। अविराज सिंह ने कहा कि यह आयोजन युवाओं, बुजुर्गों और मातृशक्ति के व्यापक सहयोग से एकता का सशक्त संदेश देगा।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को सरदार पटेल के योगदान से प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
तैयारी बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्हीबाई अहिरवार, मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी, रविंद्र राजपूत, देशराज यादव, रश्मि सोनी, राजेंद्र यादव, पीयूष गुरहा, प्रवीण जैन, पुष्पेंद्र सिंह, प्रभात सिंह धनौरा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।