दमोह के बेलखेड़ी गांव में दूषित कोदो खाने से 14 ग्रामीण बीमार, जिला अस्पताल में इलाज जारी !

Spread the love

दमोह।
दमोह जिले के पटेरा ब्लॉक के बेलखेड़ी गांव में बुधवार रात दूषित कोदो की रोटी और चने की भाजी खाने से 14 ग्रामीण बीमार हो गए। सभी को तत्काल पटेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति वाले मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

खाना खाने के बाद बीमार हुए ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने रात में कोदो की रोटी और चने की भाजी खाई थी। खाना खाने के कुछ ही समय बाद चक्कर और उल्टियां शुरू हो गई। एक परिवार नहीं बल्कि अलग-अलग परिवारों के 14 लोग बीमार हुए। डॉक्टरों का कहना है कि कोदो में कीटनाशक छिड़का होने की आशंका है, जिसे बिना धोए उपयोग किया गया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम अलर्ट

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने देर रात आईसीयू में मरीजों का इलाज शुरू किया। डॉक्टर विजय पथोरिया ने बताया कि सभी मरीजों की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।

बीमार ग्रामीणों की सूची

बीमार ग्रामीणों में लक्ष्मी रानी, लोक सिंह, चैन सिंह, हल्की, राजकुमारी, रेवती, आदर्श, राधिका, ओमकार, मायरानी और सुरेश सिंह शामिल हैं। सभी बेलखेड़ी गांव के निवासी हैं।

पुलिस जांच शुरू

पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भोजन दूषित कैसे हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *