उत्तरभारत सहित देश के कई हिस्सों में लगातार पड़ रहे घने कोहरे का सीधा असर रेल यातायात पर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को भी कोहरे के कारण कई प्रमुख एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चलीं, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम हो गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति सीमित रखी जा रही है, जिसका असर लंबी दूरी की गाड़ियों पर ज्यादा पड़ रहा है। कई ट्रेनें 5 से 9 घंटे तक की देरी से संचालित हो रही हैं।

प्रमुख ट्रेनों की बात करें तो डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस (प्रयागराज–डॉ. अंबेडकर नगर) लगभग 9 घंटे 30 मिनट, केरल एक्सप्रेस (नई दिल्ली–तिरुवनंतपुरम) करीब 8 घंटे 15 मिनट और काशी महाकाल एक्सप्रेस (वाराणसी–इंदौर) लगभग 7 घंटे 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। वहीं शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस 6 घंटे 30 मिनट, कर्नाटक एक्सप्रेस 5 घंटे 30 मिनट, मालवा एक्सप्रेस 5 घंटे और नांदेड़ स्पेशल लगभग 5 घंटे 40 मिनट विलंब से संचालित हो रही है।
इसके अलावा दक्षिण एक्सप्रेस 4 घंटे 15 मिनट, पठानकोट एक्सप्रेस 4 घंटे 30 मिनट, कुशीनगर एक्सप्रेस 3 घंटे और समता एक्सप्रेस करीब 2 घंटे 30 मिनट लेट चल रही है। शताब्दी एक्सप्रेस, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस और मंगला एक्सप्रेस भी लगभग 1 घंटे की देरी से रवाना हुईं।
ट्रेनों की अनिश्चित देरी के चलते स्टेशनों पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ठंड में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को खास दिक्कत हो रही है। यात्रियों का कहना है कि समय पर सूचना न मिलने से उन्हें प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।