बंडा वृहद सिंचाई परियोजना: पिपरिया इल्लाई के 447 प्रभावित कुटुम्बों को लॉटरी से भू-खण्ड आवंटन !

Spread the love

बंडा (सागर)।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर के मार्गदर्शन में दिनांक 18 दिसंबर 2025 को तहसील कार्यालय बंडा, जिला सागर में बंडा वृहद सिंचाई परियोजना के अंतर्गत डूब से प्रभावित ग्राम पिपरिया इल्लाई के 447 कुटुम्बों को लॉटरी के माध्यम से भू-खण्ड आवंटित किए गए। इस अवसर पर प्रभावित परिवारों में भारी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में कुटुम्ब भू-खण्ड आवंटन की प्रक्रिया में सम्मिलित हुए।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 दिसंबर 2025 तक परियोजना के अंतर्गत बंडा एवं बांदरी तहसील के डूब से प्रभावित आबादी वाले कुल 15 ग्रामों के 2992 कुटुम्बों को लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से भू-खण्ड आवंटित किए जा चुके हैं। यह प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ सम्पन्न की जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को समय रहते पुनर्वास का लाभ मिल सके।

जून 2026 तक पूर्ण होगा नाला क्लोजर

परियोजना अंतर्गत निर्माणाधीन बांध का नाला क्लोजर कार्य जून 2026 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। नाला क्लोजर के पश्चात बंडा तहसील के ग्राम उल्दन, सलैया खुर्द, बहरोल, पिपरिया इल्लाई, किरौला, कुल्ल तथा बांदरी तहसील के ग्राम मुड़िया गुसाई में जल भराव की स्थिति निर्मित हो जाएगी।

इसको ध्यान में रखते हुए भू-खण्ड आवंटन के दौरान प्रशासन द्वारा समस्त प्रभावित कुटुम्बों से यह अनुरोध किया गया है कि वे जल भराव की स्थिति बनने से पूर्व आवंटित भू-खण्ड पर मकान निर्माण कर लें, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा परियोजना से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *