सागर। कटरा बाजार और माता मढ़िया क्षेत्र में चाकू लहराकर मारपीट और दुकानों में तोड़फोड़ करने वाले मुख्य आरोपी नीलेश पटेल को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात रेलवे ट्रैक के पास बनी टपरियों से दबोच लिया गया। उसके कब्जे से एक छुरा और 5 लीटर शराब जब्त की गई है, जो कथित तौर पर जहरीली होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को शनिवार को बाजार में पैदल लेकर वारदातस्थल पर पहुंचाया और वहां पूछताछ के साथ साक्ष्य जुटाए। इस दौरान बाजार में लोगों की भीड़ लगी रही। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल भी जब्त किया गया है, जो जीआरपी थाना क्षेत्र में हुई लूट की एक वारदात से संबंधित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 13 दिसंबर की रात कटरा बाजार में नीलेश और उसके साथियों ने दीपक उर्फ बिट्टू जैन का रास्ता रोककर उन पर चाकू से हमला किया था। इसके बाद आरोपी माता मढ़िया क्षेत्र पहुंचे और वहां राहगीरों के साथ मारपीट करते हुए दुकानों में तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और उसके कब्जे से हथियार और संदिग्ध शराब बरामद करना कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत कोतवाली या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। मामले की जांच एनकाउंटर, लूट और मारपीट की अलग-अलग धाराओं में की जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।