महू: ढाबे पर प्रशासन का छापा, 3 हजार लीटर से अधिक अवैध डीजल-पेट्रोल जब्त, ढाबा सील !

Spread the love

महू। महू में प्रशासन ने सोमवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाबे पर छापा मारकर हजारों लीटर अवैध डीजल और पेट्रोल जब्त किया है। यह कार्रवाई एसडीएम राकेश परमार और तहसीलदार विवेक सोनी के नेतृत्व में की गई, जिसमें करीब 3000 से 3500 लीटर ईंधन बरामद हुआ। सुरक्षा मानकों को देखते हुए ढाबे को सील कर दिया गया है।

कार्रवाई थाना बड़गोंदा क्षेत्र के अंतर्गत बायपास (4 लेन) पर स्थित जम्मू एंड कश्मीर ढाबे पर की गई। एसडीएम राकेश परमार, तहसीलदार विवेक सोनी और नायब तहसीलदार दिलीप द्विवेदी की टीम ने अचानक दबिश दी। मौके पर ढाबा संचालक राधेश्याम शर्मा निवासी नांदेड़ ईंधन के अवैध भंडारण से संबंधित कोई रसीद या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

शौचालय के पास रखा था पेट्रोल-डीजल

जांच के दौरान सामने आया कि जहां पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण किया गया था, उसी के आसपास शौचालय बने हुए थे। वहीं कुछ लोग सिगरेट-बीड़ी पीते और नहाते हुए भी पाए गए। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे बड़ा हादसा या जनहानि हो सकती थी।

सूचना पर हुई कार्रवाई

एसडीएम राकेश परमार ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढाबे के पास एक बंद कमरे में भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल संग्रहित है। सूचना सही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई। मौके पर ईंधन जब्त कर पटवारी द्वारा पंचनामा तैयार किया गया और सुरक्षा मानकों को देखते हुए ढाबे को सील कर दिया गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है।

प्रशासन अब पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *