सागर, 02 जनवरी 2026: सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में विशेष ग्राम सभा एवं वार्ड सभाओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में तहसील गढ़ाकोटा के ग्राम चनौवा बुजुर्ग में आयोजित विशेष ग्राम सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं रहली विधायक श्री गोपाल भार्गव ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।
श्री भार्गव ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रेडियम टेप लगाने पर विशेष जोर दिया, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। ग्राम सभा में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश कपस्या, अनुविभागीय अधिकारी रहली, तहसीलदार गढ़ाकोटा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रहली एवं महाप्रबंधक उच्च तकनीकी सागर सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इसी कड़ी में नगर पालिका गढ़ाकोटा के अंतर्गत बसारी वार्ड में भी सड़क सुरक्षा विषय पर विशेष वार्ड सभा का आयोजन किया गया। सभा में वार्डवासियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

वार्ड सभा में अनुविभागीय अधिकारी रहली कुलदीप पाराशर, नगर पालिका गढ़ाकोटा अध्यक्ष के प्रतिनिधि मनोज तिवारी, तहसीलदार महेश दुबे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी धनंजय गुमास्ता, वार्ड पार्षद एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी उपस्थित लोगों ने यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड में चलने वाले ट्रैक्टरों पर रेडियम टेप लगाई गई, जिससे रात्रिकालीन यातायात के दौरान वाहन स्पष्ट रूप से दिखाई दें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।