छतरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार का इनामी हत्यारा कल्लू शुक्ला गिरफ्तार !

Spread the love

छतरपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी कल्लू शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘न्याय पथ अभियान’ के तहत गौरिहार थाना पुलिस द्वारा की गई।

जुलाई 2024 की हत्या का मामला

जानकारी के अनुसार यह मामला जुलाई 2024 का है। गौरिहार थाना क्षेत्र के ग्राम गहबरा में कुछ आरोपियों ने पीड़ित का वाहन रोक लिया था और उसके साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की थी। इस हमले में लालाभाई उर्फ विजय तिवारी की गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई थी। घटना के बाद गौरिहार थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं छह आरोपी

इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों रवि उर्फ रविंद्र अहिरवार, उदयभान उर्फ छोटू शुक्ला, गणेश बाबू शुक्ला, सीताराम शुक्ला, जितेंद्र उर्फ जीतू अहिरवार और सत्येंद्र अहिरवार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि आरोपी कल्लू शुक्ला, जो ग्राम गहबरा निवासी छोटा उर्फ गणेश बाबू शुक्ला का बेटा है, घटना के बाद से फरार चल रहा था।

पहाड़ी से हथियार के साथ दबोचा

लगातार तलाश के बाद पुलिस को सूचना मिली कि कल्लू शुक्ला ग्राम चुरयारी के पास एक पहाड़ी क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 12 बोर की अवैध देशी अद्धी और एक कारतूस भी बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

आठ आपराधिक मामलों में लिप्त

पुलिस के अनुसार कल्लू शुक्ला एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, अवैध हथियार रखने तथा एससी/एसटी एक्ट सहित कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका

इस गिरफ्तारी अभियान में लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे के मार्गदर्शन में गौरिहार थाना प्रभारी संदीप दीक्षित, पहरा चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह यादव, एसआई सुरेंद्र मरकाम, एएसआई राजकुमार शुक्ला, प्रधान आरक्षक राज किशोर साहू, बाबूलाल, आरक्षक विकास सिंह, अखिलेश मिश्रा, कमल सिंह, अमित, शंकर, दीपक, अनिल, महेंद्र, शिवम मिश्रा, दीपक सिंह गौर, दीप सिंह और मुलायम की सराहनीय भूमिका रही।

छतरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और फरार आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *