मकरोनिया क्षेत्र के बंडा रोड पर स्थित नये प्रतिष्ठान “बाइट्स थ्यौरी कैफे” का शुभारंभ गुरुवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह तथा महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कैफे का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्रतिष्ठान के संचालक परिवार द्वारा पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह का पारंपरिक तरीके से चंदन तिलक लगाकर एवं स्टेशनरी सामग्री भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छों से भी अभिनंदन किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मकरोनिया जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में इस प्रकार के नये व्यवसाय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हैं और शहर की आर्थिक गतिविधियों को गति देते हैं। उन्होंने प्रतिष्ठान संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण सेवा और स्वच्छता के साथ कार्य करें, जिससे ग्राहकों का विश्वास लगातार बना रहे।

वहीं महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि नये प्रतिष्ठानों के खुलने से न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं, बल्कि शहर की पहचान भी मजबूत होती है। उन्होंने ‘बाइट्स थ्यौरी कैफे’ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, व्यापारिक वर्ग, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने कैफे का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं मेन्यू की जानकारी भी ली।
उल्लेखनीय है कि “बाइट्स थ्यौरी कैफे” आधुनिक साज-सज्जा, स्वादिष्ट व्यंजन और युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किये गये विशेष मेन्यू के लिए जाना जाएगा। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।