ग्वालियर पुलिस की दोहरी पहल: सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता रथ और अपराध जांच के लिए मोबाइल फॉरेंसिक लैब रवाना
ग्वालियर। सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में ग्वालियर पुलिस ने बुधवार को एक अहम कदम उठाया। पुलिस कंट्रोल रूम ग्वालियर से आईजी अरविंद कुमार सक्सेना एवं एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने 5 यातायात जागरूकता रथों तथा एक मोबाइल फॉरेंसिक लैब वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर एडिशनल एसपी (पूर्व) विदिता डागर, एडिशनल एसपी (मध्य/यातायात) अनु बेनीवाल, एडिशनल एसपी (पश्चिम/अपराध) सुमन गुर्जर, डीएसपी यातायात अजीत सिंह चौहान सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी, यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान
यातायात जागरूकता रथों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति सजग करना है। इन रथों के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए जाएंगे।
ये रथ शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, विद्यालयों के आसपास तथा भीड़भाड़ वाले मार्गों पर भ्रमण करेंगे। इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश, लघु फिल्में और जागरूकता वीडियो क्लिप प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि हर वर्ग तक यातायात नियमों की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
अपराध अनुसंधान को मिलेगा वैज्ञानिक आधार
इसी कार्यक्रम के तहत पुलिस मुख्यालय भोपाल से प्राप्त मोबाइल फॉरेंसिक लैब वाहन (एफएसएल मोबाइल यूनिट) को भी रवाना किया गया। इससे पहले आईजी अरविंद सक्सेना और एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने वाहन का निरीक्षण कर फॉरेंसिक अधिकारियों से इसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।
मोबाइल फॉरेंसिक लैब की तैनाती से अब अपराध स्थल पर ही त्वरित, सटीक और वैज्ञानिक तरीके से जांच संभव हो सकेगी। इस यूनिट के जरिए डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित अन्य महत्वपूर्ण फॉरेंसिक साक्ष्यों का सुरक्षित संकलन और प्रारंभिक विश्लेषण मौके पर ही किया जा सकेगा। इससे जांच प्रक्रिया न केवल तेज होगी, बल्कि अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय भी बनेगी।
कार्यक्रम में रहे ये अधिकारी उपस्थित
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी यातायात कम्पू निरीक्षक केपीएस तोमर, थाना प्रभारी यातायात झांसी रोड निरीक्षक धनंजय शर्मा, थाना प्रभारी गोला का मंदिर सूबेदार अभिषेक रघुवंशी, एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसाइटी के संजय कटठ्ल, दिनेश जैन सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ग्वालियर पुलिस की इस पहल को शहर में सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम माना जा रहा है।