इंदौर: परदेशीपुरा में अर्धनग्न हालत में मिली घायल महिला, जांच में जुटी पुलिस !

Spread the love

इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक महिला के अर्धनग्न और घायल अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला सुगनी देवी ग्राउंड में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफआरवी मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

डीसीपी कुमार प्रतीक ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। महिला करीब 30 वर्ष की है और तीन बच्चों की मां बताई जा रही है। महिला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे उसके साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महिला का उठना-बैठना नशे की लत वाले कुछ लोगों के साथ था और पूर्व में उनके साथ आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने की जानकारी भी मिली है। इसी आधार पर पुलिस इस मामले को हर एंगल से खंगाल रही है। महिला जिस स्थान पर मिली, वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला वहां कैसे पहुंची और उसके साथ क्या हुआ।

फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस महिला के होश में आने के बाद बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी। अब तक महिला के परिवार का कोई भी सदस्य सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि किसी प्रकार की आपराधिक घटना सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *