पुरानी रंजिश में शिक्षक परिवार पर जानलेवा हमला, मां-बेटी गंभीर घायल !

Spread the love

छतरपुर। जिले के बजाना थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। गांव में रहने वाले एक शासकीय शिक्षक और उनके परिवार पर चचेरे भाइयों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षक की पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि शिक्षक को भी सिर में चोट आई है। तीनों का उपचार छतरपुर जिला अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, बजाना गांव निवासी 52 वर्षीय शासकीय शिक्षक राजकिशोर पांडेय शनिवार शाम करीब 7 बजे अपनी पत्नी रामकुमारी पांडेय (48) और दो वर्षीय नाती के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान उनके चाचा के लड़के मोनू उर्फ मौसम पांडेय और ओमकार पांडेय वहां से गुजरे। आरोप है कि दोनों ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी।

जब राजकिशोर पांडेय ने इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। कुछ ही देर बाद मोनू उर्फ मौसम पांडेय अपने एक अन्य साथी महेश उर्फ मुन्नू पांडेय के साथ लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने राजकिशोर पांडेय और उनकी पत्नी रामकुमारी पर हमला कर दिया। हमले में रामकुमारी के शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आईं, जबकि राजकिशोर के सिर में चोट लगी।

हंगामा और चीख-पुकार सुनकर उनकी 20 वर्षीय बेटी शुभि पांडेय बीच-बचाव के लिए दौड़कर आई। शुभि महाराजा कॉलेज, छतरपुर में बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा है। आरोप है कि आरोपियों ने उस पर भी डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को पहले बड़ा मलहरा उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल मां-बेटी और शिक्षक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बजाना थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते विवाद बढ़ने की बात सामने आई है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *