जिले में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देशन में संचालित हो रहा है, जिसमें बालिकाओं को चिन्हित शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। कलेक्टर द्वारा टीकाकरण केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा अभिभावकों और किशोरी बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 फरवरी से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत अब तक जिले में 1764 बालिकाओं को एचपीवी का निःशुल्क टीका लगाया जा चुका है। गुरुवार को 171 और शुक्रवार को 137 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया।
यह टीकाकरण जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सभी विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा शहरी और ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है। अवकाश के दिनों को छोड़कर प्रतिदिन टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान लगभग 77 दिनों तक संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष 3 माह तक की आयु की बालिकाओं को एचपीवी का टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरी ने बताया कि एचपीवी वायरस महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर यानी गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण है। इस बीमारी की रोकथाम के लिए एचपीवी टीका अत्यंत प्रभावी और सुरक्षित माना जाता है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आशीष जैन ने बताया कि 14 मार्च 2026, शनिवार को जिले की बालिकाओं के लिए चिन्हित 26 शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान को सफल बनाने में स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जाति विकास विभाग के छात्रावास, शिक्षक और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें और उनके स्वस्थ व उज्ज्वल भविष्य में सहयोग करें।