सतना में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रक्रिया, प्रदेश में कुपोषण की स्थिति और प्रधानमंत्री की हालिया अपीलों को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए।
पश्चिम बंगाल चुनाव पर उठाए सवाल
पत्रकारों से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वहां लोकतंत्र की हत्या की गई है और चुनाव को “लूटा” गया है।

उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान अधिकारियों के तबादले किए गए और करीब 70 लाख लोगों के मतदान को होल्ड पर रखा गया। पटवारी ने कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए गलत संदेश देती हैं।
उनका कहना था कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नहीं कराए गए।
सतना में कुपोषण को लेकर सरकार पर निशाना
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सतना जिले में कुपोषण की गंभीर स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिले में कुपोषण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार केवल कागजी दावे कर रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि सिर्फ 40 रुपये में किसी बच्चे को पोषण देना कैसे संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुपोषण दूर करने के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है और योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रहा।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य और पोषण जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं कमजोर हो रही हैं और सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं है।

प्रधानमंत्री की अपील पर तीखी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल-डीजल के कम उपयोग और सोना न खरीदने की अपील पर भी जीतू पटवारी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को ऐसे दिशा में ले जाना चाहते हैं जहां लोग विदेश न जाएं और सोना न खरीदें।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश की स्थिति कमजोर नेतृत्व के कारण ऐसी हो रही है।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की “पर्ची वाली सरकार” को मोदी और शाह चला रहे हैं।
लोकतंत्र और वैश्विक राजनीति पर टिप्पणी
पटवारी ने अंतरराष्ट्रीय मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि “एपस्टीन फाइल” का अभी पूरा सच सामने नहीं आया है और आने वाले समय में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि पूरी स्थिति सामने आने पर कई गंभीर तथ्य उजागर होंगे।
कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की तैयारी
पीसीसी चीफ ने बताया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। इसकी शुरुआत रीवा संभाग से होगी और सतना में संभागीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
अलग अंदाज में दिखे जीतू पटवारी
सतना पहुंचने के बाद जीतू पटवारी कुछ समय सर्किट हाउस में रुके। इसके बाद वे जवाहर नगर स्थित दादा सुखेन्द्र सिंह स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने मॉर्निंग वॉक किया और बास्केटबॉल भी खेला।
इस दौरान स्थानीय विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
सतना दौरे के दौरान जीतू पटवारी ने जहां एक ओर भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाए, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति भी साझा की। उनका यह दौरा राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें उन्होंने प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक सरकार को घेरा।