सागर।
सागर शहर में गुरुवार देर रात दो अलग-अलग स्थानों पर बिजली ट्रांसफार्मर (डीपी) में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिविल लाइन और इतवारा बाजार स्थित ट्रांसफार्मरों में आग लगने के बाद तेज धमाके हुए और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के बाद आसपास के इलाकों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार पहली घटना सिविल लाइन क्षेत्र की है, जहां देर रात अचानक बिजली ट्रांसफार्मर में आग भड़क उठी। आग लगते ही ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाके होने लगे, जिससे आसपास के लोग घबरा गए। कुछ ही देर में आग ने पूरी डीपी को अपनी चपेट में ले लिया और लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बिजली कंपनी और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही फायर फाइटर और बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद रखी गई।

कचेरन कुआं की डीपी में एक घंटे तक जलते रहे वायर
दूसरी घटना शहर के इतवारा बाजार स्थित कचेरन कुआं इलाके में हुई, जहां ट्रांसफार्मर में आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीपी से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग फैल गई। करीब एक घंटे तक ट्रांसफार्मर के वायर जलते रहे।
घटना के कारण आसपास के दर्जनों घरों और दुकानों की बिजली गुल हो गई। गर्मी और उमस के बीच लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर बिजली कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के बाद सुधार कार्य शुरू किया गया।

सुबह 6 बजे बहाल हो सकी बिजली सप्लाई
दोनों घटनाओं के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने रातभर सुधार कार्य किया। क्षतिग्रस्त वायर और उपकरण बदलने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे बिजली सप्लाई बहाल की जा सकी।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर ओवरलोड और तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है। बिजली कंपनी द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में लगातार बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ रहा है, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने बिजली विभाग से समय रहते रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।