कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला नर्स द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 55 वर्षीय शांतिबाई सेलर के रूप में हुई है, जो एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि वह अपने बेटे की मौत के बाद से गहरे सदमे में थीं और इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार शांतिबाई सेलर ढीमर मोहल्ला स्थित शीतला माता मंदिर इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनके पति शंकर सेलर ने बताया कि शांतिबाई रोज की तरह शनिवार को भी निजी अस्पताल में ड्यूटी करने गई थीं और शाम को घर लौट आई थीं। रात में परिवार के साथ भोजन करने के बाद सभी लोग सो गए।
रात करीब 3 बजे अचानक पति की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि शांतिबाई बिस्तर पर नहीं हैं। इसके बाद उन्होंने घर में तलाश शुरू की। जब वे छत पर बने कमरे तक पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। शांतिबाई कमरे के गेट पर साड़ी के सहारे बनाए गए फंदे से लटकी हुई थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल उन्हें नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मध्य प्रदेश पुलिस की कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शांतिबाई का बेटा भी एक निजी अस्पताल में काम करता था। करीब चार महीने पहले उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बेटे की मौत के बाद से शांतिबाई गहरे तनाव और दुख में रहती थीं। परिजनों के अनुसार वह अक्सर बेटे को याद कर भावुक हो जाती थीं और मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं।
परिवार और पड़ोसियों का कहना है कि बेटे की मौत के बाद उनका व्यवहार काफी बदल गया था। हालांकि उन्होंने कभी खुलकर अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं की।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पड़ोसियों ने बताया कि शांतिबाई स्वभाव से शांत और मिलनसार महिला थीं तथा लंबे समय से नर्स के रूप में लोगों की सेवा कर रही थीं।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।